Wednesday, 24 April, 2024

गाय को राष्ट्र माता घोषित किया जाए – महंत रामेश्वरदास

कोटा के समाजसेवी हिम्मत सिंह भारतीय गौवंश एव पर्यावरण संरक्षण समिति के प्रदेशाध्यक्ष बने

न्यूजवेव कोटा

‘मोदी सरकार संसद में नया अध्यादेश पारित करवाकर गाय को राष्ट्र माता घोषित करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारतीय संस्कृति एवं जनता की भावनाओं को देखते हुये देशहित में तत्काल यह निर्णय लेना चाहिये। यह बात भारतीय गौवंश एव पर्यावरण संरक्षण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं द्वारकाधीश कुंड पीठाधीश्वर महंत रामेश्वरदास महाराज ने शुक्रवार को पत्रकारों से कही। उन्होंने कोटा से गौसेवक व समाजसेवी हिम्मत सिंह को भारतीय गौवंश एवं पर्यावरण संरक्षण समिति का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया।
महंत रामेश्वरदास महाराज ने कहा कि राजस्थान में गौरक्षा संरक्षण के बायलॉज निगम और पंचायत स्तर पर बने हुए हैं, उनसे किसानों को जोड़ा जाए। प्राकृतिक आपदा के समय सरकार जब किसानों को मुआवजा देती है, उसमें संशोधन कर खेत में फसल काटने के बाद आग लगाने पर किसानों को मुआवजा नहीं दिया जाए। क्योंकि आग लगाने से मिट्टी की उपजाऊ क्षमता नष्ट हो जाती है। खेती की भूमि व मिट्टी के संरक्षण के लिये जनसमितियां बनाई जाए जिससे गायें सड़कों पर नहीं घूमेगी और गांवों में ही रहेगी।

देश में बूचडखाने तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए। गौहत्या को कानूनी अपराध माना जाए। किसी भी धर्म या जाति का नागरिक गौ तस्करी में लिप्त हो तो उसे एक समान सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि गौमाता के नाम पर देश मे कईं एनजीओ सरकार से लाखों रूपये अनुदान लेकर कागजो में गौशालाएं चला रहे हैं। ऐसी संस्थाओं की निष्पक्ष जांच कर तुंरत उनके संस्थान बंद किये जाएं। सरकार लाखों रुपए का अनुदान गौशालाओं के नाम पर दे रही है। इससे सही हाथों में राशि पंहुचेगी।
समिति के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष हिम्मत सिंह ने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही भैंस के दूध की फेट की कीमत की तुलना में गाय के दूध की फेट का मूल्य ज्यादा कर दे तो किसान एवं गौपालक गौ संवर्धन में रूचि लेने लगेंगे। भारतीय गौवंश द्वारा निर्मित गोबर खाद एवं गौमूत्र से बनी दवाओं का खेती में उपयोग अनिवार्य किया जाये जिससे जनहित में कीटनाशक दवाओं एवं केमिकल खाद का उपयोग घटेगा। इससे किसानों को आर्थिक बचत भी होगी तथा मिट्टी की उर्वरक क्षमता बढेगी। प्रेस क्लब अध्यक्ष गजेन्द्र व्यास ने महामंडलेश्वर रामेश्वरदास महाराज का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
कोटा गौशाला का निरीक्षण किया
महंत रामेश्वरदास ने कोटा में नगर निगम की गौशालाओं का निरीक्षण किया एवं नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष हिम्मत सिंह को राजस्थान की गोशालाओं की जानकारियां जुटाकर गौपालन मंत्री प्रमोद भाया एवं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अव्यवस्थाओं को शीघ्र सुधारने के लिए सुझाव के साथ प्रस्ताव देकर केंद्र सरकार के संज्ञान में लाने के निर्देश दिये।

(Visited 180 times, 1 visits today)

Check Also

आपका एक-एक वोट देश को मजबूत करेगा – अमित शाह

न्यूजवेव @कोटा कोटा-बूंदी सीट पर चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में शनिवार को भाजपा के …

error: Content is protected !!