Friday, 30 October, 2026

भारतीय सैनिकों ने दिखाया जज्बा, भूकम्प में पहुंचाई आपदा राहत

अभ्यास राहत-2019: दक्षिणी-पश्चिमी कमान के चीफ, सेना एवं जिला प्रशासन के उच्चाधिकारियों ने देखा लाइव प्रदर्शन
न्यूजवेव @ कोटा

शहर में भूकम्प आ जाने पर बहुमंजिला इमारतों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना हो या कोटा बैराज क्षतिग्रस्त हो जाने पर काल्पनिक पुल का निर्माण कर जनता को राहत पहंुचाने में भारतीय सेना ने मंगलवार को आपदा राहत का लाइव प्रदर्शन किया।


भारतीय सेना की दक्षिणी-पश्चिमी कमान ‘सप्त शक्ति कमान‘ के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल चेरिस मेथसन एवं सेना व जिला प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में भारतीय सेना, केन्द्रीय व राज्य आपदा प्रबंधन एवं राहत दल के जिला प्रशासन की विभिन्न इकाईयों ने आरएसी मैदान में संयुक्त अभियान ‘अभ्यास राहत-2019‘ का सजीव प्रदर्शन किया।


जयपुर सप्त शक्ति कमाण्ड के नेतृत्व में सशस्त्र बलों, आपदा राहत से संबंधित विभिन्न एजेंसियों का तालमेल अभ्यास के दौरान देखने को मिला। कोटा में काल्पनिक भूकम्प के परिदृश्य का चित्रण कर विभिन्न आपात स्थितियों में राहत कार्यो के प्रभावी संचालन किया गया। भूकम्प के समय बचाव एवं राहत कार्य, काल्पनिक पूल का निर्माण, इमारतों में फसे नागरिकों को सुरक्षित निकालने, भूकम्प से प्रभावित नागरिकों को चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए एयर एम्बुलेंस से ले जाने का सजीव प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर ले. जनरल ने आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यो में उपयोग आने वाले विभिन्न उपकरणों व साजो-सामान का अवलोकन किया।


आपदा प्रबंधन एवं राहत बल, भारतीय सेना की ओर से आयोजित इस वार्षिक अभ्यास प्रदर्शन में केन्द्रीय आपदा प्रबंधन एवं राहत बल, राजस्थान आपदा राहत बल, सिविल डिफेंस, एनसीसी एवं स्काउट व गाइड के केडेटस ने भाग लिया। अभ्यास में आपदा एवं राहत कार्यो से जुडे जिला प्रशासन के आपदा प्रबंधन, नगर निगम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी भागीदारी की।
इस अवसर पर संभागीय आयुक्त एलएन सोनी, पुलिस महानिरीक्षक कोटा रेंज विपिन पाण्डेय, जिला कलक्टर मुक्तानन्द अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव, अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन वासुदेव मालावत, राज्य आपदा प्रबंधन एवं राहत बल के डिप्टी कमांडेंड धनफूल मीना सहित सेना, पुलिस, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

(Visited 278 times, 1 visits today)

Check Also

भाजपा की उप प्रधान जानकी बाई का मरणोपरांत नेत्रदान

न्यूजवेव @  मनोहर थााना नेत्रदान मनुष्य जीवन का सबसे पवित्र दान है। मरणोपरांत किसी नेत्रहीन …

error: Content is protected !!