Sunday, 3 May, 2026

हमारे विचारों का सतत प्रवाह है मेंटल हेल्थ – डॉ. अमित देव

ईथॉस हॉस्पिटल में वरिष्ठ नागरिकों के संवाद कार्यक्रम में माइग्रेन, लकवा, ब्रेन स्ट्रोक, मिर्गी रोगियों को दिये उपयोगी हेल्थ टिप्स
न्यूजवेव@कोटा

वरिष्ठ न्यूरोलॉजिस्ट डॉ अमित देव ने कहा कि आज की व्यस्त दिनचर्या में हमें शारीरिक एवं मानसिक सेहत के लिये अपनी सोच को हमेशा पॉजिटिव रखना है। मानसिक स्वास्थ्य हमारे मन और मस्तिष्क के विचारों का प्रवाह है। नेगेटिव सोच रखने से हम बीमार जैसा महसूस करने लगते हैं। अपनी दिनचर्या को संतुलित रखते हुये अपना दुख किसी परिचित या मित्र को शेयर करें। इससे आत्मविश्वास बढे़गा।

Dr.Amit Dev

स्वामी विवेकानंद नगर के ईथोस हॉस्पिटल (ETHOS Hospital) में वरिष्ठ नागरिकों की परिचर्चा में डॉ. अमित देव ने कहा कि उम्र बढ़ने के साथ मांसपेशियां भी कमजोर होने लगती है। बुजुर्ग होकर भी आप निरोगी बने रह सकते हैं। आपका शरीर या मस्तिष्क अचानक असंतुलित होने लगे तो रक्त को पिघलाने वाला इंजेक्शन लगवा कर अपना बचाव कर सकते हैं।
उन्होने कहा कि इन दिनों लकवा (Brain Stroke) के मामले किशोर उम्र में भी सामने आ रहे हैं। आपके हाथ सुन्न हों या बोलने में लडखडाहट होने लगे तो शुरूआत के चार से साढे़ चार घंटे (Golden Hours) अहम होते हैं, क्योंकि इस दौरान न्यूरान्स तेजी से खत्म हो जाते हैं। मस्तिष्क में रक्त की नसें बंद होने पर तत्काल किसी विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेकर सही इलाज लें।
पैदल सैर से निकलते हैं हैप्पी हार्मोंस
डॉ अमित देव ने बताया कि अचानक तेज सिरदर्द, मानसिक तनाव या माइग्रेन हो तो जांच से उसकी वैरायटी का पता चल जाता है। कभी खाली पेट नहीं रहें। चक्कर आने या उल्टी होने पर किसी विशेषज्ञ को दिखायें। आहार में चना, पनीर, नट्स या मेवा आदि नहीं लेकर खजूर, अंजीर, किशमिश का सेवन कर सकते हैं। हमें सदैव चलते रहना है यह सोचकर रोज सुबह या शाम को गहरी सांस लेते हुये हल्की पैदल सैर एवं योग-प्राणायाम करें। इससे हैप्पी हार्मोंस निकलेंगे और आप स्वस्थ महसूस करने लगेंगे। नियमित मार्निंग वॉक करने से डिप्रेशन कम हो जाता है।
एक सवाल के जवाब में डॉ देव ने कहा कि एपीलेप्सी (Epilepsy) या मिर्गी होने पर हाथ-पैर में कंपन होने लगता है। निरंतर सही उपचार लेने पर 70 से 80 प्रतिशत मिर्गी रोगी 3-4 साल में स्वस्थ हो जाते हैं। 20 प्रतिशत गंभीर रोगियों को दवा के बाद भी दोबारा मिर्गी आ सकती है। कुछ रोगियों में सोडियम की कमी हो जाती है। इनके लिये 70 प्रतिशत सेंधा व 30 प्रतिशत सामान्य नमक मिलाकर सेवन करें। उन्होंने किशोर, युवा एवं महिलाओं से कहा कि वे अंधेरे में टीवी या मोबाइल स्क्रीन ज्यादा देर तक नही देखें। रोज कम से कम 7 घंटे संतुलित नींद लें।

(Visited 72 times, 1 visits today)

Check Also

सेवा कार्य एवं भजन संध्या से मनाया एलन स्थापना दिवस

गौरवशाली 38 वर्ष पूर्ण करने पर सेवा, संस्कार, भक्ति और उल्लास के वातावरण में मनाया …

error: Content is protected !!