Saturday, 28 February, 2026

4000 स्कूली बच्चों ने CPR करते हुये बनाए दो गिनीज बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड

  • बच्चों ने सेंट जेवियर्स कैंपस, नेवटा में एक साथ किया CPR का अभ्यास
  • 2000 मानव प्रतिरूप पर एक ही जगह, एक ही समय में प्रैक्टिस कर रच दिया कीर्तिमान

महावीर राठी

न्यूजवेव @जयपुर

देशभर में अचानक हृदयगति रुकने (Sudden cardiac arrest) से मौत की घटनाओं में कोविड महामारी के बाद वृद्धि हुई है। इसमें जान गंवाने वालों में युवा अधिक हैं। इस स्थिति में जान बचाने के लिये तत्काल कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) काफी मददगार साबित हुआ है। सीपीआर के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 4 फरवरी को सुबह 10 बजे से नेवटा, जयपुर के सेंट जेवियर्स कैंपस (St Xaviers School, Nevta) में विशाल कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम में 4000 से अधिक स्कूली बच्चों समेत कुल 4317 व्यक्तियों ने कुल 2000 मानव प्रतिरूपों पर एक साथ अभ्यास कर दो गिनीज बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness Book of World Record) का कीर्तिमान बनाया। पहला रिकॉर्ड एक ही जगह पर सीपीआर रिले में सर्वाधिक लोगों के भाग लेने और दूसरा रिकॉर्ड एक ही स्थान पर सर्वाधिक ह्यूमन मैनिकिन्स (मानव प्रतिरूप) पर अभ्यास करने का बना।

याद दिला दें कि गिजीन बुक में पिछला वर्ल्ड रिकॉर्ड 3319 व्यक्तियों ( 29 सितंबर 2024 को बेंगलुरू में) और 278 मानव प्रतिरूप (25 मार्च 2000 को इंग्लैंड के शेफील्ड में) का था।

यह कार्यक्रम जयपुर वर्ल्ड रिकॉर्ड कार्निवल के फाउंडर और सात गिनीज बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक मनमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में और देशभर में सीपीआर डॉक्टर ऑफ इंडिया के नाम से मशहूर डॉ. वीके जैन के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। गिनीज बुक की ओर से दोनों रिकॉर्ड को पंजीकृत करने के लिए सहकारिता विभाग में रजिस्ट्रार (पंजीयन) RAS रणवीर सिंह परिहार और मुख्यमंत्री के विशेषाधिकारी (OSD) गोविंद नारायण पारीक को अधिकृत किया गया। परिहार ने दोनों रिकॉर्ड की पुष्टि करते हुए कहा कि बच्चे सीपीआर का प्रशिक्षण लेकर देवदूत के रूप में किसी की जान बचा सकते हैं।

स्कूलों में अनिवार्य हो CPR प्रशिक्षण

Two Guinness Book of World record declaration

वर्षों से अपनी मेडिकल प्रैक्टिस छोड़कर जीवनरक्षक सीपीआर प्रशिक्षण (CPR Training) को जनांदोलन बनाने वाले सीनियर फिजिशियन डॉ. वीके जैन ने कहा कि जिस तरह विदेश में स्कूलों में सीपीआर प्रशिक्षण अनिवार्य तौर पर लागू है। वैसे ही भारत के स्कूलों में भी इसे अनिवार्य किया जाये। मनमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह विश्व रिकॉर्ड केवल आंकड़ों के लिए नहीं है। इसका उद्देश्य स्कूलों में सीपीआर को अनिवार्य करने की मांग को और मजबूती से उठाना है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि विश्व हिंदी साहित्य परिषद के चांसलर डॉ. एचसीएल गणेशिया ने कहा कि सीपीआर प्रशिक्षण प्रत्येक नागरिक को जीवनरक्षक बनने का अवसर प्रदान करता है। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी पुरुषोत्तम बियानी, भाजपा नेता पं. सुरेश मिश्रा, सेंट जेवियर्स कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. ए. स्वामी, सेंट जेवियर्स सीनियर सेकंडरी स्कूल के प्रिंसिपल डोमिनिक ए., सेंट जेवियर्स स्कूल नेवटा के प्रिंसिपल संगीत राज सहित तीनों संस्थाओं के शिक्षक और कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक मौजूद रहे।

(Visited 49 times, 1 visits today)

Check Also

JEE-Main 2026 : देश के 12 टॉपर स्टूडेंट्स में 8 एलन से

एलन क्लासरूम छात्र कबीर को मिला 300 में से 300 स्कोर न्यूजवेव@कोटा  एनटीए द्वारा जेईई-मेन …

error: Content is protected !!