Sunday, 3 May, 2026

हे नाथ,जीवन रूपी नाव को नहीं, हमारे भाव को पलट देना- संत पं.प्रभुजी नागर

धतुरिया (अंता) में चल रही श्रीमद भागवत कथा के दूसरे सोपान में उमड़ा भक्तों का सैलाब
न्यूजवेव @ बारां 

मालवा के गौसेवक संत पं.प्रभुजी नागर ने धतुरिया में चल रही श्रीमद भागवत कथा के दूसरे सोपान में कहा कि भक्तों भगवान से यही प्रार्थना करना कि हे नाथ, जीवनरूपी नाव को मत पलटाना, तू बस हमारे भाव को पलटा देना। हम अच्छे कर्म करते हुये भक्ति की धारा से जुड़ें रहें।

श्रद्धालुओं से सराबोर विराट पांडाल में उन्होंने कहा कि हमारी कंचन काया की तिजोरी भगवान के नाम से ही भरती है। मीरा बाई राम रतन धन पायो.. के निरंतर जप से ही सब कुछ भूल गई थी। कोई चोर या यमदूत भी भक्ति बल के धन को नहीं छुड़ा पाया। जीवन के अंत में पंच तत्वों का शरीर ही बचता है। सारे रिश्ते खत्म हो जाते हैं। इसलिये निरंतर जप करने के लिये भागवत भक्ति से अवश्य जुडें।
संत प्रभूजी नागर ने कहा कि परिवार के मुखिया को सट्टा की जीत और बेटा की जिद कभी पूरी नहीं करना चाहिये। जीवन में धर्म और संस्कृति की राह पर चलते हुये सदकार्य करते रहें। बच्चों में अच्छी शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार भी आवश्यक हैं। किशोर उम्र में उनकी संगत अच्छी होगी तो वे मदिरा की जगह मंदिर की ओर कदम बढ़ायेंगे। भक्ति का उद्भव आपकी संगत से ही होता है।
भक्त के लिये नियम बदलता है भगवान
जीवन के अंत में भगवान का नाम और भगवान का भरोसा ही बचना चाहिये। यही मोक्ष है। भगवान पर कभी संशय मत रखना। गुरू और गोविंद दोनों में जिसने आपको जीते-जी निभाया है, वह अंत समय में भी निभायेगा। भक्त के काम के लिये भगवान अपने नियम बदल देता है। हमारे ऋषि-मुनि मानते हैं कि भक्तों के प्रबल प्रेम के पाले पड़कर प्रभू को भी नियम बदलते देखा है।
एक प्रेरक प्रसंग सुनाते हुये पं.नागरजी ने कहा कि जिस तरह भोज में छोटी-मोटी नुक्ती एक दूसरे से मिलकर हजारों लोगों का भंडारा पूरा कर देती है। क्योंकि उसे सब तक पहुंचने के लिये ही बनाया गया था। फिर जो नुक्की बच गई उसे घर-घर बांट दो। यही ईमानदारी है। गांव में जब भी कोई अच्छा काम करने के लिये कोई समिति बनाई जाये उसमें ईमानदारी से जुडे़ं। झगडा करोगे तो आगे कोई साथ नहीं देगा। सबको नुक्ती की तरह मधुरता से जोडे़ रखें। अंत में पूर्व मंत्री एवं विधायक श्री प्रमोद जैन भाया, जिला प्रमुख श्रीमती उर्मिला जैन भाया एवं आयोजक पटेल श्री हरिश्चंद्र नागर परिवार सहित हजारों श्रोताओं ने भागवत आरती की।

(Visited 57 times, 1 visits today)

Check Also

सेवा कार्य एवं भजन संध्या से मनाया एलन स्थापना दिवस

गौरवशाली 38 वर्ष पूर्ण करने पर सेवा, संस्कार, भक्ति और उल्लास के वातावरण में मनाया …

error: Content is protected !!