Thursday, 26 February, 2026

आवारा कुत्तों ने तीन साल के मासूम बालक को काटा

धर्मबंधु आर्य
न्यूजवेव @ कोटा
शिक्षा नगरी एवं पर्यटन नगरी कोटा के आवासीय क्षेत्रों में आवारा कुत्तों द्वारा बच्चों, स्कूल व कोचिंग विद्यार्थियों, बुजुर्गों एवं महिलाओं पर हमला करने या उनको काटने की घटनायें तेजी से बढती जा रही हैं। शहर के विज्ञान नगर में मुख्य मार्ग पर 3 फरवरी को आवारा कुत्ते ने 3 साल के मासूम बालक को काटकर घायल कर दिया। परिजनों ने उसे तलवंडी स्थित निजी अस्पताल ले जाकर ड्रेसिंग करवाई और एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाया।
कॉलोनी के रहवासी देवेंद्र गंगवाल ने बताया कि विज्ञान नगर सेकटर-1 में तीन साल के बच्चे विश्रुत जैन को उसके दादा मुकेश पार्क में घुमाने ले गये थे। पार्क से घर लौटते समय तीन साल के मासूम पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। घटना के समय दादाजी थोड़ी दूर टहल रहे थे। वे जैसे ही पोते को बचाने के लिए दौड़े। कुत्तों ने बच्चे को काट लिया जिससे उसकी पीठ, हाथ पैर में 4-5 जगह रक्तरंजित घाव आए है। मकान नंबर 1ज 33 निवासी परिजन उसे इलाज के लिए तत्काल निजी हॉस्पिटल लेकर गए। कॉलोनी में आवारा कुत्ते द्वारा एक मासूम बच्चे पर हमले की सूचना स्थानीय वार्ड पार्षद को भी दे दी गई है।
शहर के नागरिकों संगठनों का कहना है कि नगर निगम कोटा की आवासीय कॉलोनियों में इन दिनों आवारा कुत्ते स्कूल एवं कोचिंग विद्यार्थियों के दुपहिया वाहनो के पीछे दौडकर उनको घायल कर रहे हैं। शहर में पैदल सैर करने वाले वरिष्ठ नागरिकों को भी कुत्तों से असुरक्षा का भय बना रहता है। नगर निगम कोटा को जनहित में सड़कों पर घूमते आवारा कुत्तों को पकडने का अभियान चलाकर उनको श्वान शाला में भेजना चाहिये।

(Visited 80 times, 1 visits today)

Check Also

JEE-Main 2026 : देश के 12 टॉपर स्टूडेंट्स में 8 एलन से

एलन क्लासरूम छात्र कबीर को मिला 300 में से 300 स्कोर न्यूजवेव@कोटा  एनटीए द्वारा जेईई-मेन …

error: Content is protected !!