संस्थान के गौरवमयी 38 वर्ष पूर्ण होने पर सुवि नेत्र चिकित्सालय में सम्मान समारोह
न्यूजवेव @कोटा
सुवि नेत्र चिकित्सालय एवं लेसिक लेजर सेंटर, तलवंडी, कोटा में 18 अप्रैल को एक गरिमामय सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में एलन करिअर इंस्टीट्यूट के गौरवमयी 38 वर्ष पूर्ण होने पर संस्थान के संस्थापक निदेशक राजेश माहेश्वरी का पुष्पाहार, साफा, उपर्णा पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
सुवि नेत्र चिकित्सालय, कोटा के निदेशक डॉ. सुरेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि 18 अप्रैल 1988 से डॉ.गोविन्द माहेश्वरी, राजेश माहेश्वरी, डॉ बृजेश माहेश्वरी एवं नवीन माहेश्वरी द्वारा एलन कॅरिअर इंस्टीट्यूट की नींव रखी गई। 38 वर्षों में देश के 40 लाख से अधिक विद्यार्थियों को संस्कारित सर्वश्रेष्ठ शिक्षा देकर ‘संस्कार से सफलता तक’ के मूल मंत्र के साथ निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहा है। बीते 38 वर्षों में एलन ने न केवल कोटा, बल्कि पूरे भारत में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतिस्पर्धी प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित की है। कोटा शहर को शिक्षा की काशी का दर्जा दिलाने में एलन करियर इन्स्टीट्यूट सहित अन्य कोचिंग संस्थानों का विशेष योगदान है। कार्यक्रम में सुवि नेत्र चिकित्सालय की निदेशिका डॉ. विदुषी शर्मा, नेत्र विशेषज्ञ डॉ. सत्येन्द्र कुमार गुप्ता, रेटिना विशेषज्ञ डॉ. निपुण बागरेचा तथा, महाराष्ट्र के डॉ. राहुल पँवार, सूरत के डॉ. योगेश मांगुकिया , आंध्र प्रदेश की डॉ. सुवर्णा येलगुरी तथा एलन कोचिंग के डॉ. संजय सोनी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर चिकित्सकों ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में कोचिंग संस्थान केवल परीक्षा की तैयारी नहीं कराते, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, जीवन जीने की कला, अनुशासन, आत्मविश्वास, लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर मेहनत की भावना विकसित करते हैं। एक अच्छा संस्थान विद्यार्थियों को सही दिशा, सकारात्मक सोच और असफलताओं से सीखकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
कठिनाइयां ही आगे बढ़ने का अवसर
एलन निदेशक राजेश माहेश्वरी ने कहा कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि सही मार्गदर्शन, सतत अभ्यास और दृृढ़ इच्छाशक्ति से प्राप्त होती है। एलन जैसे संस्थान विद्यार्थियों को यह सिखाते हैं कि कठिनाइयाँ सफलता की राह में बाधा नहीं, बल्कि सीखने और आगे बढ़ने का अवसर होती हैं। सभी अतिथियों ने एलन कैरिअर इंस्टीट्यूट की इस गौरमयी यात्रा पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि एलन ने लाखों विद्यार्थियों को उनके सपनों को साकार करने का पुण्य कार्य किया है। संस्थान की अनुशासित शिक्षण प्रणाली, अनुभवी फैकल्टी और मूल्य-आधारित शिक्षा ने इसे देश के अग्रणी कोचिंग संस्थान की पहचान दिलाई है।
News Wave Waves of News



