महाराज डॉ.लक्ष्यराज सिंह मेवाड ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को सराहा, कला, साहित्य एवं संस्कृति के विकास पर हुई चर्चा
न्यूजवेव @ नई दिल्ली
राजस्थान के मेवाड़ राजपरिवार ने संसद भवन, नई दिल्ली में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से सपरिवार शिष्टाचार भेंट की।

हायर एजुकेशन एक्सप्रेस राजस्थान के संस्थापक अध्यक्ष विक्रम राठौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री से भेंट में महाराज डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, ओडिशा राजघराने की राजकुमारी एवं महारानी श्रीमती निवृत्ति कुमारी मेवाड़, सुपुत्र महाराज हरितराज सिंह मेवाड़ एवं सुपुत्री मोहलक्षिका कुमारी एवं प्राणेश्वरी कुमारी सहित डॉ. लक्ष्यराज सिंह के श्वसुर एवं ओडिशा के उपमुख्यमंत्री श्री कनकवर्धन सिंह देव एवं उनकी धर्मपत्नी बलांगीर की सांसद श्रीमती संगीता कुमारी सिंह देव भी उपस्थित रही। याद दिला दें कि डॉ.लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, उदयपुर के मेवाड़ राजपरिवार (हाउस ऑफ मेवाड़) के 77वें कुलीन महाराणा प्रताप के वंशज हैं।
मेवाड़ राजपरिवार का योगदान समृद्धि और समरसता से भरा- प्रधानमंत्री

इस अवसर पर डॉ. लक्ष्यराज सिंह ने मेवाड़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत, विकास, पर्यटन राष्ट्र निर्माण, देश के विकास, कला-संस्कृति के संरक्षण से जुड़े कई विषयों पर प्रधानमंत्री से विचार-विमर्श किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भी मेवाड़ राज परिवार के योगदान की सराहना करते हुये उनके विचारों को महत्वपूर्ण बताया। प्रधानमंत्री मोदी ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत में मेवाड़ राजपरिवार का योगदान समृद्धि और समरसता से भरा है। डॉ. लक्ष्यराज सिंह ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की अभूतपूर्व प्रगति की सराहना की।
महारानी श्रीमती निवृत्ति कुमारी मेवाड़ ने कहा कि महाराज कुँवर लक्ष्यराज सिंह ने समाज के विकास के लिए प्रेरणा स्त्रोत के रूप में कार्य किया है। राजपरिवार द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक गतिविधियों, सेवा प्रकल्पों, समाज सुधार की दिशा में उठाए गए सकारात्मक कदमो से सामाजिक क्षेत्रों के आदर्श परिवर्तन आए हैं। जिससे आम जन लाभान्वित हुआ हैं। महाराणा मेवाड़ चेरिटेबल फाउंडेशन के माध्यम से संचालित विभिन्न सामाजिक गतिविधियों द्वारा प्रदेश में जनकल्याण की दिशा में सार्थक प्रयास किए गये है।
News Wave Waves of News



