Sunday, 3 May, 2026

सरकारी स्कूलों में लगेंगे ‘कोर्ट वाली दीदी-शिकायत बॉक्स’

अनूठी पहल- विधिक जागरूकता अभियान के तहत कोटा जिले से होगी शुरूआत, विद्यार्थी अपनी समस्याएं इस बॉक्स में डाल सकेंगे
धर्मबंधु आर्य
न्यूजवेव @ कोटा

प्रदेश के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को पढाई के साथ साइबर सुरक्षा कानून की जानकारी भी दी जायेगी। इसकी शुरूआत मंगलवार को विधिक जागरूकता अभियान से होगी जिसमें स्कूलों में अब ‘कोर्ट वाली दीदी-शिकायत बॉक्स’ भी लगाये जायेंगे। विद्यार्थी अपनी समस्याएं या शिकायतें इस बॉक्स में डाल सकेंगे। उनके नाम गोपनीय रखे जायेंगेे।
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर सदस्य सचिव के निर्देशानुसार ‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडे’ अभियान के तहत यह अनूठा अभियान शुरू किया जा रहा है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोटा के अध्यक्ष सत्यनारायण व्यास के मार्गदर्शन में समस्त न्यायिक अधिकारी स्वयं विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों को कानून की जानकारी देंगे। उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे। उक्त कार्यक्रम में ‘कोर्ट वाली दीदी’ शिकायत बॉक्स में प्राप्त शिकायतों या समस्याओं पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोटा की सचिव गीता चौधरी द्वारा नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
इस अनूठी पहल को लागू करने का निर्णय कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश, राजस्थान उच्च न्यायालय एवं कार्यकारी अध्यक्ष, राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा 20 से 22 फरवरी तक जयपुर में आयोजित ‘साइबर सुरक्षा-जागरूकता,संरक्षण और न्याय तक समावेषी पहुंच’ पर राष्ट्रीय सम्मेलन में लिया गया। इसकी अनुपालना के लिये राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर सदस्य सचिव हरिओम अत्री के निर्देशानुसार 2 अप्रैल को वीडियो कॉन्फ्रेंस में इसकी रूपरेखा तय की गई, जिसमें स्पष्ट निर्देश दिए गए कि इस पहल को जमीनी स्तर पर प्रभावी तरीके से लागू किया जाए।
इस अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में कार्यरत लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता भी स्कूलों में जाकर विधिक जानकारी देंगे, जिससे छात्रों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों की बेहतर समझ मिल सके। इस अभियान के क्रियान्वयन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोटा संजीव गीता चौधरी द्वारा भी आवश्यक समन्वय एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
कोटा जिले के सभी विद्यालयों में शुभारंभ 
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव के निर्देशानुसार ‘‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडे’’ अभियान के तहत जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सत्यनारायण व्यास के मार्गदर्शन में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोटा की सचिव गीता चौधरी के समन्वयन से 7 अप्रैल 2026 से कोटा जिले के सभी विद्यालयों में इस अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। जिले के रामगंजमंडी, इटावा, सांगोद, कनवास और दीगोद सहित सभी क्षेत्रों के विद्यालयों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विद्यार्थियों को मिलेगा सीधा लाभ
इस पहल से विद्यार्थियों को न केवल कानून की जानकारी मिलेगी, बल्कि वे अपनी समस्याएं सीधे न्यायिक तंत्र तक पहुंचा सकेंगे। यह कदम बच्चों में न्याय के प्रति विश्वास और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है। कोटा जिल में शुरू होने जा रहा यह अभियान शिक्षा के साथ न्याय की समझ को जोड़ने वाला एक अनूठा प्रयोग है, जो भविष्य में पूरे राज्य के लिए एक मिसाल बन सकता है।

(Visited 90 times, 1 visits today)

Check Also

सेवा कार्य एवं भजन संध्या से मनाया एलन स्थापना दिवस

गौरवशाली 38 वर्ष पूर्ण करने पर सेवा, संस्कार, भक्ति और उल्लास के वातावरण में मनाया …

error: Content is protected !!