Friday, 26 April, 2024

राज्य में पोपाबाई का रावला, लोकतंत्र नाम की चीज नही: गहलोत

‘मेरा बूथ मेरा गौरव’ कार्यक्रम : जनता के बीच जाकर परिवर्तन के लिए किया आव्हान 

न्यूजवेव@ बूंदी

बूंदी जिले के हिंडोली में  मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस के ‘मेरा बूथ मेरा गौरव’ कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सैलाब उमड़ पड़ा। गणेश बावडी स्टेडियम में खचाखच भरे पांडाल में हजारों लोगों की मौजूदगी से मंचासीन कांग्रेस के नेता उत्साहित नजर आये। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट, कांग्रेस के राज्य सहप्रभारी तरूण कुमार, युकां प्रदेशाध्यक्ष हिंडोली विधायक अशोक चांदना ने केंद्र व राज्य सरकार की कार्यप्रणाली को खूब कोसा।

राष्ट्रीय महासचिव गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार पोपा बाई के रावले की तरह चल रही है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अपनी मनमर्जी से सारे कामकाज कर रही है। लोकतंत्र नाम की कोई चीज राज्य में नजर नहीं आ रही। उन्होंने अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि जनता एक विश्वास के साथ प्रचंड बहुमत से जिताती है। वे भी पूर्व मुख्यमंत्री भैरोसिंह के बाद ऐसी ही जीत लेकर मुख्यमंत्री बने थे। राज्य की जनता गवाह है कि हमने किस तरह राज्य में सभी वर्गों के विकास के लिए काम किया।

भाजपा को जनता ने प्रचंड बहुमत देकर अवसर दिया था लेकिन महारानीजी ने सरकार मनमाने ढंग से चलाई। अपने क्षेत्रों में कोई विकास नहीं होने से भाजपा के अधिकांश विधायक भी दुखी हैं।

महारानी घर में बैठ कर ही करती है कामकाज, भाजपा के लोग भी दुखी- पायलट

प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि राज्य में लोकतंत्र धराशाही हो गया। मुख्यमंत्री घर बैठकर मनमाने ढंग से काम करती है। अब तो भाजपा के नेताओं ने भी यह कहना शुरू कर दिया। पूर्व मंत्री घनश्याम तिवाड़ी ने सोमवार को भाजपा छोड़ते समय अपनी ही पार्टी की सरकार और उसमें मौजूद लोगों पर जमकर भ्रष्टाचार के आरोप लगाये। उन्होंने केंद्र सरकार को भी नहीं छोड़ा। हम तो जनता के बीच जाकर परिवर्तन के लिए आव्हान कर रहे हैं। इस बार निश्चित रूप से राज बदलने जा रहा है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री नमोनारायण मीणा ने कहा कि हिंडोली में जिस तरह जनता में उत्साह दिख रहा है यहां विधायक अशोक चांदना फिर से जीतेंगे।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव पंकज मेहता ने कहा कि सरकार आम जनता का विश्वास खो चुकी है। किसान लहसुन के भाव नहीं मिलने से दुखी होकर आत्महत्या कर रहे हैं और भाजपा सुशासन का दावा कर रही है। आम आदमी को महंगाई के साथ बिजली, पानी, रोजगार की मार भी झेलनी पड़ रही है। अबकी बार जनता में आक्रोश है, वो चुनाव में सरकार का सारा अहंकार तोड़ देगी।

विधायक अशोक चांदना ने कहा कि हमने सभी को साथ लेकर संघर्ष किया और किसानों व जनसमस्याओं का समाधान कराया। चाहे किसानों को बिजली का मुद्दा हो या मुआवजा राशि की बात। कांग्रेस कार्यकर्ता हमेशा संघर्ष में आगे रहे।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीएल प्रेमी ने कहा कि जिले की तीनों सीटों पर कांग्रेस जीतेगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में अपार उत्साह है और जनता में भाजपा सरकार को लेकर गुस्सा भी।

मेरा बूथ मेरा गौरव कार्यक्रम में पूर्व मंत्री हरिमोहन शर्मा, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रामनारायण मीणा, प्रदेश कांग्रेस महासचिव पूनम गोयल, प्रदेश सचिव महेश शर्मा, गणेश शंकर पांडे, प्रधान ममता गुर्जर, पूर्व पीसीसी सदस्य सत्येश शर्मा, पूर्व जिला प्रमुख राकेश बोयत सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी व जनप्रतिनिधी मौजूद रहे।

(Visited 280 times, 1 visits today)

Check Also

आपका एक-एक वोट देश को मजबूत करेगा – अमित शाह

न्यूजवेव @कोटा कोटा-बूंदी सीट पर चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में शनिवार को भाजपा के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!