Sunday, 1 November, 2026

रोजा तोड़कर अब्दुल कयूम ने प्लाज्मा डोनेशन किया

टीम रक्तदाता समूह द्वारा कोरोना पीडितों की मदद, दो मरीजों को मिला जीवनदान
न्यूजवेव @ कोटा

शहर में पाटनपोल निवासी 52 वर्षीय मोहम्मद सलीम कोरोना पीडित होने से झालावाड रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती हैं। शुक्रवार रात अचानक उनकी तबीयत गंभीर हो गई। डॉक्टर ने उन्हें तत्काल एक यूनिट प्लाज्मा देने की आवश्यकता बताई। परिजन शहर में प्लाज्मा डोनर के लिये पूछताछ करते रहे। किसी से जानकारी मिलने पर उन्होंने टीम रक्तदाता समूह कोटा के जुबेर खान को मदद के लिये कॉल किया।
रक्तदाता समूह कोटा के जुबेर खान (सोनू) ने परिजनों को प्लाज्मा देने का भरोसा दिलाया। उन्होनेे अपने रक्तवीर साथी अब्दुल कय्यूम से तुरंत ब्लड बैंक पहुंचने को कहा। रमजान के माह में अब्दुल रोजे से थे। लेकिन उनमें किसी रोगी की जान बचाने का जज्बा था। अब्दुल ने बिना कुछ सोच विचार किये प्लाज्मा डोनेट करने का निर्णय लिया और कृष्णा ब्लड बैंक जाकर प्लाज्मा देकर रोगी की जान बचाई।
डोनेशन के समय एक अन्य निजी अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग कोरोना रोगी राजेन्द्र कोठारी के परिजनों ने ब्लड बैंक में ही रक्तदाता जुबेर खान से मदद मांगी। उन्होंने रोगी की जरूरत को तत्काल पूरा कर विश्वास दिलाया कि आगे भी रक्त संबंधी कोई समस्या आये तो उन्हें कॉल करके बुला सकते हैं। इस दौरान रक्तदाता समूह कोटा के सदस्य जुबेर खान, अब्दुल हकीम, आदिल पठान, मुसरान शेख, अंजिश उपाध्याय, राघव, तुषार व चिराग मौजूद रहे।

(Visited 336 times, 1 visits today)

Check Also

भाजपा की उप प्रधान जानकी बाई का मरणोपरांत नेत्रदान

न्यूजवेव @  मनोहर थााना नेत्रदान मनुष्य जीवन का सबसे पवित्र दान है। मरणोपरांत किसी नेत्रहीन …

error: Content is protected !!