Monday, 29 April, 2024

कांग्रेस समस्या और भाजपा समाधान का नाम -योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने हाडौती में भाजपा के चुनाव प्रचार का शंखनाद किया
न्यूजवेव@कोटा
भाजपा के स्टार प्रचारक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरूवार को कोटा जिले के इटावा में आयोजित जनसभा में कहा कि देश की समस्याओं का दूसरा नाम ही कांग्रेस है। देश में आतंकवाद, नक्सलवाद, भ्रष्टाचार, माफियागिरी जैसी बडी समस्याएं कांग्रेस सरकारों की ही देन है। कांग्रेस समस्याओं का बोझ है और भाजपा देश की समस्याओं के समाधान का दूसरा नाम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से देश की सभी समस्याओं का समाधान हो रहा है। उन्होने पीपल्दा सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रेम गोचर और सांगोद सीट से भाजपा प्रत्याशी हीरालाल नागर को भारी मतों से जिताने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने कश्मीर में धारा-370 लागू कर देश में आतंकवाद को जड़ से खत्म कर दिया। कांग्रेस ने हमेशा सनातन पुत्रों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया है। मुगलों ने भगवान श्रीराम के जन्मस्थान सहित देश के कई धार्मिक स्थलों को खंडित किये, उन पर विवादित ढांचे बना दिए। इन विवादित ढांचों के खिलाफ जब भाजपा के कार्यकर्ता आंदोलन करते तो कांग्रेस उन पर अत्याचार करती थी। भाजपा के लोग मंदिर बनाने की बात करते तो कांग्रेस उनसे तारीख पूछती थी। अब मंदिर भी बन रहा है और 22 जनवरी,2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं रामलला को विराजित करेंगे।
उन्होंने कहा कि वर्षों से कांग्रेस सरकारें गरीबों के हक को भी छीन लेती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने 9 साल के शासनकाल में 12 करोड़ लोगों के घर में शौचालय बनवाए, 4 करोड़ गरीबों के घर बनाए, उनके घर में बिजली पहुंचाई, 10 करोड़ लोगों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस का फ्री कनेक्शन दिया, 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजन के तहत स्वास्थ्य बीमा का कवर दिया, यह सब काँग्रेस भी कर सकती थी, लेकिन कांग्रेस ने कुछ नहीं किया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ एक ही बात कहती थी कि देश के सभी संसाधनों पर पहला हक एक वर्ग विशेष का है। जबकि पीएम मोदी ने कहा कि देश के संसाधनों पर हक गरीब, किसान, नौजवान, महिलाओं, दलित, वंचित पिछड़े लोगों और समाज के हर तबके का है। इसके लिए उन्होंने सबका साथ, सबका विकास का नारा दिया और यही भाजपा की राम राज्य की अवधारणा है।
हर मुसीबत में साथ देती है भाजपा
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जब भी जनता पर कोई संकट आता है तो कांग्रेस के नेता पीपल्दा से दिल्ली तक मिलते नहीं है। कोरोना, आपदा और अतिवृष्टि में ये सब गायब हो गए थे। स्थानीय सांसद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला बधाई के पात्र हैं कि जिन्होंने कोरोना और अतिवृष्टि के दौरान हर व्यक्ति का बिना भेदभाव किए पूरा इलाज करवाया। हमें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला जैसे जनप्रतिनिधियों को चुनना चाहिए। उन्होंने आव्हान किया कि क्षेत्र की जनता को अगले वर्ष अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर के दर्शन करने आना है। आज पीपल्दा से प्रेम गोचर और सांगोद से हीरालाल नागर को जयपुर भेजिए। यही लोग आपको अयोध्या साथ लेकर आएंगे।

(Visited 85 times, 1 visits today)

Check Also

वर्ग विशेष की 100 % वोटिंग की बात करने वालों को मुंह तोड़ जवाब दे जनताः मुख्यमन्त्री

सीएम-डिप्टी सीएम ने बिरला के लिए किया प्रचार न्यूजवेव@कोटा मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री …

error: Content is protected !!