Sunday, 19 May, 2024

हम शरीफ हैं, मगर कमजोर नहीं – सीएम

पोकरण परमाणु परीक्षण की 20वीं वर्षगांठ पर बारां में हुआ युवा शक्ति सम्मेलन

न्यूजवेव @ बारां
मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम सभी देशों के साथ भाईचारे में विश्वास रखते हैं। हम शरीफ जरूर हैं, मगर कमजोर नहीं। अगर कोई आंख उठाकर देखेगा तो हम उसे अपनी ताकत दिखा सकते हैं, सर्जिकल स्ट्राइक इसका सबूत है।

शुक्रवार को पोकरण परमाणु परीक्षण की 20वीं वर्षगांठ पर बारां में भारतीय जनता युवा मोर्चा के युवा शक्ति सम्मेलन में राजे ने कहा कि पोकरण परमाणु परीक्षण के समय मैं वाजपेयी सरकार में विदेश राज्यमंत्री थी। तब अमेरिका सहित कई देशों ने भारत पर कई प्रतिबंध लगाए, लेकिन अटल सरकार अपने इरादों पर अटल रही। भारत का उद्देश्य किसी को आंख दिखाना नहीं, हमारी शक्ति का आकलन करना था।

उन्होंने कहा कि आज से देश-प्रदेेश में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जाकर युवाओं को राष्ट्रभक्ति का संकल्प दिलाएंगे। अब युवा मोर्चा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं।

बारां जिले के विकास पर 4700 करोड़
मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि भाजपा सरकार ने बारां जिले के विकास पर 4,700 करोड़ रुपए स्वीकृत किए, जबकि कांग्रेस सरकार ने मात्र 1300 करोड़ रुपए बारां के विकास पर खर्च किए थे। उन्होंने कहा कि करीब 7 हजार करोड़ रुपए की परवन सिंचाई परियोजना से 312 गांवों की 93 हजार हेक्टेयर भूमि पर सिंचाई होगी तथा 936 गांवों को पीने का पानी मिलेगा।

इसके अलावा 233 करोड़ रु. की हथियादेह सिंचाई परियोजना, 204 करोड़ रु. की ल्हासी सिंचाई परियोजना, 79 करोड़ रु. की नागदा-अंता-बलदेवपुरा पेयजल परियोजना, 90 करोड़ रु. से अटरू-शेरगढ़ पेयजल परियोजना जैसे बड़े काम शामिल हैं। साथ ही सड़क, शिक्षा, चिकित्सा सहित अन्य क्षेत्रों में भी बारां में बडे विकास कार्य हुए हैं।

30 लाख किसानों के कर्ज माफ
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में पहली बार 30 लाख किसानों के 50 हजार रु. तक के कर्ज माफ किए हैं। किसानों के लिए सहकार व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा की राशि 50 हजार रु. से बढ़ाकर 10 लाख रु. कर दी गई। सहकारी भूमि विकास बैंकों द्वारा किसानों के लोन पर ब्याज की दर 12.10 से घटाकर 5.5 प्रतिशत की गई है। इस वित्तीय वर्ष के अंत तक हम 80 हजार करोड़ रु. फसली ऋण वितरण के लक्ष्य को छू लेंगे।

कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी ने कहा कि राज्य सरकार ने 30 लाख किसानों का कर्ज माफ कर बड़ी राहत पहुंचाई। सांसद दुष्यंत सिंह ने कहा कि परवन सिंचाई परियोजना से बारां जिले के लोगों का जीवन बदल जाएगा। इससे पहले मुख्यमंत्री ने पोकरण से लाई मिट्टी का पूजन किया। उन्होंने जनता से समस्याएं भी सुनीं।

सम्मेलन में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बाबूलाल वर्मा, जनअभाव अभियोग निराकरण समिति अध्यक्ष श्रीकृष्ण पाटीदार, वरिष्ठ नागरिक बोर्ड अध्यक्ष प्रेमनारायण गालव, राज्य महिला आयोग अध्यक्ष श्रीमती सुमन शर्मा, संसदीय सचिव नरेन्द्र नागर, विधायक रामचंद्र सुनारीवाल, ललित मीणा, रामपाल मेघवाल, कंवरलाल मीणा, जिला प्रमुख नन्दलाल सुमन, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र नागर, भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष अशोक सैनी सहित जनप्रतिनिधि एवं नागरिक मौजूद रहे।

(Visited 412 times, 1 visits today)

Check Also

PHF Leasing Limited widens its EV Loan portfolio

Offers loans for Electric Cargo vehicles in L5 Category, EV 2 Wheelers and Used E-Rickshaw …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!