Friday, 26 April, 2024

जैन संगिनी फोरम की नई कार्यकारिणी ने ली सेवा की शपथ

फोरम की टीम शहर की कोचिंग छात्राओं, युवतियों को सशक्त बनाने की मुहिम चलायेगी। निराश्रित बच्चों को पढाई में मदद एवं दिव्यांग महिलाओं को स्वरोजगार की पहल।
न्यूजवेव @ कोटा

संगिनी फोरम जैन सोशल ग्रुप कोटा की नई कार्यकारिणी वर्ष 2022-23 का शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह रविवार को तलवंडी के अग्रसेन सभागार में सम्पन्न हुआ। जिसमें नवनिवार्चित अध्यक्ष सीए निकिता जैन, सचिव सरिता जैन, संयुक्त सचिव अंजू कासलीवाल व कोषाध्यक्ष नीलम जैन को मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस कमेेटी की सचिव राखी गौतम ने सेवा कार्यों के लिये शपथ दिलाई।


अध्यक्ष सीए निकिता जैन ने बताया कि समारोह में नारायणम ज्वैलर्स के एमडी गौरव शर्मा ने दीप प्रज्जवलित किया। समारोह में बजाज स्टील के प्रबंधक प्रेम बजाज एवं अमन टोंग्या, जैन सोशल ग्रुप के नॉर्थ रीजन के वाइस प्रेसीडेंट मनीष जैन, सकल दिगम्बर जैन समाज महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष निशू वैद, जोन कॉर्डिनेटर कपिल जैन एवं जैन सोशल ग्रुप कोटा के अध्यक्ष डॉ समीर मेहता सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जैन सोशल ग्रुप के पूर्व राष्ट्रीय संयुक्त सचिव अनिल काला ने स्वागत भाषण दिया।
समारोह में संगिनी फोरम की अध्यक्ष सीए निकिता जैन ने निवर्तमान अध्यक्ष पूजा सेठिया से पदभार ग्रहण किया। टीम 2021-22 में उपाध्यक्ष रिंकल लोढा, सचिव अंजलि जैन, संयुक्त सचिव मोनिका जैन व कोषाध्यक्ष प्रीति जैन ने कोरोना महामारी के दौरान फोरम द्वारा किये गये विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों का ब्यौरा दिया। इस अवसर पर वर्ष 2021-22 में विशिष्ट सेवायें देने वाले सदस्यों को सम्मानित किया गया।
कोचिंग छात्राओं एवं युवतियों को सिखायेंगे आत्मरक्षा


नवनिर्वाचित अध्यक्ष निकिता जैन ने कहा कि संगिनी फोरम की महिला टीम कोटा शहर में जैन समाज के सभी धार्मिक, आध्यात्मिक व सामाजिक आयोजनों में अग्रणी भूमिका निभायेंगी। इसके अतिरिक्त कोटा शहर में सभी समुदायों की जरूरतमंद निर्धन, वंचित एवं शोषित महिलाओं को स्वावलम्बी बनाने के लिये विशेष प्रकल्प प्रारंभ किया जायेगा। कोरोना महामारी के दौरान निराश्रित हुई जिन छात्राओं पढाई में रूकावट आ रही है, संगिनी फोरम द्वारा उनकी फीस की जिम्मेदारी ली जायेगी।
उन्होंने कहा कि शहर में बाहर से आने वाली कोचिंग छात्रों, स्कूल-कॉलेज की युवतियों एवं शहर की महिलाओं को सशक्त बनाने के लिये आत्मरक्षा हेतु उपयोगी वर्कशाप आयोजित कर हेल्पलाइन नंबर भी दिये जायेंगे। शहर में सभी वर्गो की दिव्यांग महिलाआंे को स्वरोजगार के लिये सहायता सामग्री एवं अन्य मदद की जायेगी। टीम द्वारा शहर के थैलिसिमिक बच्चों के लिये महिला स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाये जायेंगे। सचिव सरिता जैन एवं संयुक्त सचिव अंजू कासलीवाल ने सबका आभार जताया।

(Visited 427 times, 1 visits today)

Check Also

राजस्थानी मसाले औषधि गुणों से भरपूर, एक्सपोर्ट बढाने का अवसर – नागर

RAS रीजनल बिजनेस मीट-2024 : मसाला उद्योग से जुड़े कारोबारियो ने किया मंथन, सरकार को …

error: Content is protected !!