Sunday, 20 September, 2026

कोटा पुलिस अभिभावक के रूप में हर छात्रा के साथ – तेजस्विनी गौतम

एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट में शहर पुलिस अधीक्षक ने अनुभूति सेशन में छात्राओं को दिए टिप्स
न्यूजवेव @कोटा
नये शैक्षणिक सत्र में प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए कोटा आने वाले कोचिंग विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिये कोटा पुलिस और प्रशासन सतर्क है। बड़ी संख्या में बाहर से आकर शहर में रहने वाली छात्राओं का मनोबल बढ़ाने के लिए शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम निरंतर सेशन लेकर उनको गाइड कर रही हैं।
एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के इन्द्रविहार स्थित समर्थ कैम्पस में एक विशेष सत्र में शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने कहा कि आप यहां अपने सपने साकार करने आए हैं। आप निडर होकर सिर्फ पढ़ाई कीजिए। सुरक्षा एवं अन्य समस्याओं की जिम्मेदारी कोटा पुलिस एवं प्रशासन की है। स्थानीय अभिभावक के रूप में कोटा पुलिस हमेशा आपके साथ है।
एसपी गौतम ने बताया कि कोटा में स्टूडेंट्स सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन लगातार नए प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि देश के छात्रों को तत्काल सुरक्षा सहायता मिल सके। उन्होनें के-एसओएस एप के बारे में स्टूडेंट्स को जानकारी देते हुए बताया कि कोटा में पढ़ने वाले हजारों छात्र इस एप को डाउनलोड कर चुके हैं। किसी भी समस्या या परेशानी होने पर जब कोचिंग छात्र इस एप में पैनिक बटन का उपयोग करेंगे तो तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना मिल जाएगी। एप पर स्टॉप बटन का उपयोग करते ही एप पर दी गई सभी जानकारी डिलीट हो जाएगी। उसके बाद उसकी लाइव लोकेशन के आधार पर नजदीकी पुलिस टीम तुरंत वहां पहुंच जाएगी।
गर्ल्स चुप नहीं रहें, जोर से बोलें
एसपी गौतम ने कहा कि छेड़छाड़ जैसी कोई घटना होती है, तब पीड़ित सामान्यतया अकेला होता है। कई बार पीड़ित व्यक्ति घटना के समय इतना डर जाता है कि कोई जवाब नहीं दे पाता। आप लोगों को मन से मजबूत होना पड़ेगा। यदि ऐसा कुछ होता है तो तेज आवाज में बोलिए। 99 प्रतिशत मामलों में आरोपी मौके से भाग जाएगा।

उन्होंने बताया कि कोटा पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट महिलाओं और कोचिंग छात्राओं की सुरक्षा के लिए विशेष रूप से तैनात महिला पुलिस टीम है। ये टीम सादे कपड़ों और वर्दी में काली स्कूटी पर शहर के संवेदनशील इलाकों, कोचिंग सेंटरों, स्कूलों और बाजारों में 24 घंटे गश्त करती है। इस यूनिट का मुख्य उद्देश्य छेड़छाड़ और चेन स्नेचिंग जैसे अपराधों पर लगाम लगाना है।

(Visited 101 times, 1 visits today)

Check Also

भारत में युवा ही राष्ट्र की ताकत – मुकुल कानिटकर

संघ की शताब्दी वर्ष श्रृंखला में कोटा में युवा जिज्ञासा समाधन एवं संवाद कार्यक्रम न्यूजवेव …

error: Content is protected !!