Saturday, 27 April, 2024

महाशिवरात्रि पर कोटा में उमड़ेगा आस्था का सैलाब

 देश में सर्वाधिक 525 शिवलिंग वाले तीर्थ शिवपुरीधाम में श्रीराम कथा 10 फरवरी से, महाशिवरात्रि पर विभिन्न राज्यों के हजारों श्रद्धालु करेंगे रूद्राभिषेक
न्यूजवेव@कोटा

देश में सबसे अधिक 525 शिवलिंग वाली सिद्धपीठ शिवपुरी धाम में 10 से 18 फरवरी तक संगीतमय श्रीराम कथा एवं महाशिवरात्रि महोत्सव धूमधाम से मनाया जायेगा।

आश्रम के संचालक महंत सनातन पुरी महाराज ने मंगलवार को बताया कि ब्रह्मलीन संत राणाराम पुरी नागा बाबा की 35वीं पुण्यतिथि पर सिद्धपीठ में 525 शिवलिंगों का रूद्राक्ष एवं वस्त्रधारण द्वारा महारूद्राभिषेक किया जायेगा। इस अवसर पर 10 से 16 फरवरी तक बालसंत शाश्वत भार्गव के श्रीमुख से प्रतिदिन 1 से 5 बजे संगीतमय श्रीराम कथा का विराट आयोजन होगा। 10 फरवरी को देवपूजन व विशाल जल यात्रा निकाली जायेगी। महोत्सव में प्रतिदिन कई संतों द्वारा प्रवचन एवं भजन मंडलियों द्वारा संकीर्तन भी किया जायेगा।
त्रिदिवसीय श्री महारूद्र यज्ञ 15 से 17 तक


महंत सनातन पुरी नागा बाबा ने बताया कि इस वर्ष महाशिवरात्रि महोत्सव में 15 से 17 फरवरी तक त्रिदिवसीय श्री महारूद्र यज्ञ किया जायेगा, जिसमें सबको निरोगी बनाये रखने के लिये मंत्रोच्चार के साथ लाखों आहूतियां दी जायेंगी। 17 फरवरी को इस महायज्ञ की पूर्णाहूति पर रूद्राक्ष एवं वस्त्रधारण के साथ भक्तों द्वारा 525 शिवलिंग का महारूद्राभिषेक किया जायेगा। इस दिन रात्रि जागरण व महाप्रसादी कार्यक्रम भी होगा।
18 फरवरी को महाशिवरात्रि मेला
उन्होंने बताया कि 18 फरवरी को विराट महाशिवरात्रि महोत्सव मनाया जायेगा। इस महापर्व पर भोलेनाथ का विशेष श्रंगार किया जायेगा। इस दिन देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु दर्शन व जलाभिषेक करने के लिये कोटा के शिवपुरीधाम पहुंचेगे। विदेशों में रहने वाले भारतीय गूगल के माध्यम से यहां के 525 शिवलिंग का श्रंगार दर्शन कर सकेंगे।
‘स्वास्तिक’ आकार में बनेगा भव्य मंदिर


महाराज ने बताया कि यहां स्वास्तिक आकार में 525 शिवलिंग के विराट मंदिर का निर्माण अगले वर्ष पूरा हो जायेगा, जिसमें 525 शिवलिंग पर 101 खंबों की छतरियां होंगी। इसमें 51 फीट उंचा कलात्मक शैली का शिखर होगा। 51 फीट का मुख्य द्वार बनाया जा रहा है। यहां के पारंपरिक जलकुंड का शुद्धिकरण कर अमृत सरोवर बनाया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालु भी स्नान कर सकेंगे। वे महामंदिर के निर्माण का संकल्प लेकर 33 वर्षों से अन्न त्याग चुके हैं। पंचकेशधारी तपस्वी नागा बाबा सनातन पुरी की जटायें साढे़ नौ फीट लंबी हो चुकी हैं। उन्होंने अपील की महामारियों से रक्षा के लिये सभी सनातनी भक्त महाशिवरात्रि पर एक दिन का महाव्रत अवश्य रखें। कोटा में आने वाले कोचिंग विद्यार्थी शिवंिलंग पर जलाभिषेक कर लक्ष्य भेदने की क्षमता विकसित करें। महाशिवरात्रि पर अपनी एक बुराई छोडने का संकल्प अवश्य करें।

 

(Visited 257 times, 1 visits today)

Check Also

आपका एक-एक वोट देश को मजबूत करेगा – अमित शाह

न्यूजवेव @कोटा कोटा-बूंदी सीट पर चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में शनिवार को भाजपा के …

error: Content is protected !!