Thursday, 28 March, 2024

बढ़ते अपराधों के खिलाफ भाजपा का जंगी प्रदर्शन

भीषण गर्मी के बावजूद बिगड़ती कानून व्यवस्था पर उमडा जनाक्रोश
न्यूजवेव@ कोटा

कोटा शहर में बढ़ते अपराधों और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ सोमवार 10 जून को भाजपा कार्यकताओं ने जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुये जंगी प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल के आहवान पर कोटा उत्तर विधानसभा के सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता भीषण गर्मी के बावजूद सुबह 9 बजे से नयापुरा के गोपाल निवास बाग में इकट्ठा हुये। यहां से जनसमूह विशाल रैली के साथ कलेक्ट्री तक पहुंचा। 48 डिग्री तापमान के बावजूद कार्यकर्ता अपराधों को रोकने में विफल रहने पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।

कलेक्ट्री सर्किल पर जनसभा में भाजपा के प्रदेश महामंत्री सतीश पूनिया ने कहा कि प्रदेश में हर बडे़ जनांदोलन का आगाज चम्बल की धरती से होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने 6 माह में कर्ज माफी और रोजगार देने की पोल खुल गई है। प्रदेश के हर जिले में कानून व्यवस्था बिगड़ रही है। रोज बलात्कार, हत्या, लूट, डकैती की घटनाओं ने प्रदेश की छवि को धूमिल कर दिया है। यह जनआंदोलन सरकार को नींद से जगाने के लिये हो रहा है।

विकास का पहिया थमा

पूर्व विधायक गुंजल ने कहा कि गहलोत सरकार ने 6 माह में राज्य में विकास के पथ पर आगे बढाने की बजाय विकास का पहिया ही रोक दिया है। सीएम और डिप्टी सीएम कुर्सी अपनी बचाने में लगे हुये हैं। प्रदेश में दोनो मुखिया की लड़ाई में आम जनता पिस रही है। कोटा शहर में एक माह में आधा दर्जन हत्याएं, लूट, बलात्कार, छेड़छाड़, चाकूबाजी की घटनाओं से पूरे शहर में भय का वातावरण पैदा हुआ है। यह सांकेतिक प्रदर्शन जनता की चेतावनी है, अपराध इसी तरह बढते रहे तो जल्द ही उग्र आंदोलन भी करेंगे।

अपराधी बैखोफ हो गये

लाडपुरा के पूर्व विधायक भवानीसिंह राजावत ने कहा कि अपराधी कांग्रेस सरकार के आते ही बैखोफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। राज्य में आए दिन हत्याएं और दो दर्जन गैंगरेप से प्रदेश की कानून व्यवस्था को बेनकाब कर दिया है। थानागाजी प्रकरण में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म को गहलोत सरकार ने दबाए रखा। पूर्व विधायक विद्याशंकर नन्दवाना व प्रदेश उपाध्यक्ष प्रहलाद पंवार ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता हमेशा जनता के साथ खडे़ रहते हैं। यदि बिगडते हालात में सुधार नहीं हुआ तो बड़े जनांदोलन किये जाएंगे। प्रदर्शन के बाद भाजपा ने राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश महामंत्री सतीश पूनिया, पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल, भवानीसिंह राजावत, विद्याशंकर नन्दवाना, भाजपा जिलाध्यक्ष हेमन्त विजय, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रहलाद पंवार, पार्षद बृजेश शर्मा नीटू, अतुल कौशल, विकास तंवर, चिमन बैरवा, नीरज कुशवाह, राकेश पुटरा, पं.अनिल औदिच्य, मंडल अध्यक्ष शिवनारायण शर्मा, प्रेमसिंह गौड़, पंकज साहू, सत्यप्रकाश लोधा, किशन प्रजापति एवं पूर्व जिलाध्यक्ष महेश विजयवर्गीय, हरिहर गौतम, राकेश मिश्रा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

(Visited 281 times, 1 visits today)

Check Also

कॅरियर पॉइंट यूनिवर्सिटी की इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में 214 रिसर्च पेपर पढे़

न्यूजवेव@ कोटा कॅरियर पॉइंट यूनिवर्सिटी (CPU-Kota) के स्कूल ऑफ फार्मेसी विभाग द्वारा फार्मास्युटिकल, लाइफ साइंस …

error: Content is protected !!
%d bloggers like this: