Saturday, 21 February, 2026

15 अगस्त को कोटा-बूंदी के हर घर पर लहराएगा तिरंगा

-स्पीकर ओम बिरला ने कोटा में किया हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ

न्यूजवेव @ कोटा

स्वाधीनता के 75 वर्ष पूरे होने पर देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा हैं। अमृत महोत्सव के तहत कोटा-बूंदी संसदीय क्षेत्र में भी बड़े स्तर पर ‘हर-घर तिरंगा” अभियान चलाया जाएगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को कुन्हाड़ी क्षेत्र स्थित एलन सभागार में हर-घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ किया।
लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि हमारा राष्ट्र ध्वज देश की आन-बान-शान का प्रतीक है। यह देश के नागरिकों को एक सूत्र में पिरोता है। हर-घर तिरंगा अभियान हमारे उन स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का सुअवसर है जिन्होंने इस आजादी के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया।


आजादी का अमृत महोत्सव मनाते हुए जब हम अपने घर पर तिरंगा लहराएंगे तो यह पूरी दुनिया को संदेश देगा कि भारत आज सामूहिकता की भावना से आगे बढ़ रहा है। भारत के नवनिर्माण में 130 करोड़ भारतीय अपनी पूरी क्षमता से सहभागिता निभा रहे हैं।
बिरला ने सामाजिक कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे हर घर तक समय से तिरंगा पहुंचाएं। जिस भी घर में तिरंगा भेंट करें वहां तिरंगे को सम्मान के साथ लहराने और उसकी फोटो सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड करने का भी आग्रह करें।

नवनिर्माण का संकल्प लें युवा पीढ़ी
लोक सभा अध्यक्ष ने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति से संसदीय लोकतंत्र की इस यात्रा में देश ने असंख्य बदलाव और उपलब्धियां देखी हैं। आजादी का अमृत महोत्सव देश के इतिहास व वर्तमान को जोड़ता है। हमें हमारी पीढ़ी को आजादी के संघर्ष और लोकतंत्र के महत्व को समझाने की आवश्यकता है। देश के लिए नवनिर्माण में हमारी भावी पीढ़ी का सार्थक योगदान होगा तब ही हम देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा पाएंगे।

7 अगस्त से घर-घर पहुंचेगा तिरंगा
बिरला ने कहा कि समाज का हर व्यक्ति जब सामूहिकता और प्रतिबद्धता से अपनी भूमिका निभाएगा तभी हम आजादी के अमृत महोत्सव को सफल बना पाएंगे। बिरला ने सामाजिक कार्यकर्ताओं से अभियान में जनभागीदारी सुनिश्चित करवाने का आह्वान किया। अभियान के तहत सामाजिक कार्यकर्ता 7 अगस्त से लेकर 13 अगस्त तक अभियान चलाकर हर-घर जाकर राष्ट्रध्वज उपलब्ध करवाएंगे। इस दौरान समाजिक कार्यकर्ता कृष्ण कुमार सोनी, सत्यप्रकाश शर्मा, विजय सिंह कानावात,महावीर सुवालका सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

(Visited 293 times, 1 visits today)

Check Also

JEE-Main 2026 : देश के 12 टॉपर स्टूडेंट्स में 8 एलन से

एलन क्लासरूम छात्र कबीर को मिला 300 में से 300 स्कोर न्यूजवेव@कोटा  एनटीए द्वारा जेईई-मेन …

error: Content is protected !!