Tuesday, 23 April, 2024

कोटा में महिलाओं के चंडी मार्च ने भरी हुंकार

भाजपा महिला मोर्चा ने जबर्दस्त आक्रोश रैली निकाली, मंत्री धारीवाल को बर्खास्त करने की मांग
न्यूजवेव @ कोटा
कोटा शहर में जिला प्रशासन द्वारा अचानक निषेधाज्ञा लागू करने के बावजूद भाजपा महिला मोर्चा के आव्हान पर शहर की महिलाओं ने विशाल चंडी मार्च निकालकर नारी शक्ति की ताकत का अहसास करवा दिया। हुआ यूं कि पिछले दिनों राजस्थान विधानसभा में स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल ने राज्य में बच्चियों के साथ हो रहे दुष्कर्म पर चुटकी लेते हुये कह दिया था कि- राजस्थान मर्दों का प्रदेश है यार। उनके इस बयान पर बवाल मचा तो उन्होंने सदन से माफी मांग ली।


वरिष्ठ मंत्री धारीवाल के इस बयान से प्रदेश की महिलाओं ने गहरा आक्रोश फैल गया। भाजपा महिला मोर्चा ने 22 मार्च को कोटा में विशाल चंडी मार्च निकालने की घोषणा की, जिससे निबटने के लिये जिला प्रशासन ने धारा-144 लागू कर दी। लेकिन प्रशासन द्वारा निषेधाज्ञा लागू करने पर महिलाआंे का गुस्सा फूट पडा। उन्होंने नारी सम्मान को बचाने के लिये उम्मेद क्लब से कलेक्ट्रेट तक विराट चंडी मार्च निकाला। इस चंडी मार्च में भगवा साडी व साफा पहने महिलाओं ने साहसिक एकजुटता का प्रदर्शन किया। वे तख्तियां लिये मंत्री धारीवाल को बर्खास्त करने की मांग कर रही थी।
चंडी मार्च की अगुवाई कोटा उत्तर के पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल कर रहे थे। चंडी मार्च में हजारों महिलाएं चंडी रूप में पगड़ी बांधे ‘नारी शक्ति का अपमान नहीं सहेगा राजस्थान’ जैसे नारों लिखी तख्तियां लेकर चल रही थी। गर्मी में महिला अखाड़े लाठियां घुमाते हुये अपने शौर्य का करतब दिखाते चल रहे थे। प्रदेश में छोटी बेटियों के साथ हो रही दरिंदगी को मर्दानगी जैसी संज्ञा देने वाले मंत्री को अखाड़ों में आई छोटी-छोटी बच्चियां लाठियां फिराकर मानो संदेश दे रही थी कि अपनी आत्मरक्षा के लिए मातृशक्ति प्रदेश की कांग्रेस सरकार एवं मंत्री धारीवाल के भरोसे नहीं है।
चंडी मार्च में राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष ममता शर्मा व पूर्व महापौर सुमन श्रंगी सहित महिला मोर्चा पदाधिकारी भी शामिल हुई। चंडी मार्च का नागरिकों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर उत्साह बढाया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रहलाद गुंजल ने कहा कि 1 दिन पूर्व शहर में धारा 144 लगाना सरकार का कायराना कृत्य है। एक ओर गृह विभाग की चर्चा में प्रदेश में बलात्कार की घटनाओं को मर्दानगी बताया गया। दूसरी ओर आत्मसम्मान के लिए जब नारी शक्ति सड़कों पर उतरी तो धारा 144 का भय पैदा किया गया।

राजस्थान पदमिनी के जौहर की धरती है


गुंजल ने कहा कि नारी जब चंडी का रूप धारण करती है तो सर्वनाश कर देती है आज का विराट प्रदर्शन इसका गवाह है। उन्होंने कहा कि राजस्थान पदमिनी के जौहर की धरती है, ताकतवर आतंकवादी भी नारी के आंचल तक हाथ नहीं पहुंचा पाए। नारी ने जौहर करना उचित समझा लेकिन आत्मसम्मान को गिरवी नहीं रखा। आज महिलायें इस विरोध प्रदर्शन से सीधी चेतावनी दे रही है। जो भी महिलाओं के लिये निम्न स्तरीय भाषा का प्रयोग करेगा, उसे जवाब दिया जायेगा। उन्होने चेताया कि धारीवाल जी राजस्थान मर्दों का प्रदेश नहीं राजस्थान वीरो की भूमि है।
भाजपा नेता ममता शर्मा ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व महासचिव प्रियंका गांधी से मांग की कि हजारों की संख्या में आज सड़कों पर आई महिलाओं की भावनाओं को समझते हुए राज्य सरकार के मंत्री धारीवाल को बर्खास्त किया जाये। पूर्व महापौर सुमन श्रंगी ने कहा कि आज चंडी मार्च निकालकर नारी शक्ति ने राज्य सरकार व मंत्री धारीवाल को चेताया है कि अब नारी शक्ति शांत नहीं बैठेगी, मंत्री जी आपको घर बिठा कर ही दम लेगी। अंत में तनुजा खन्ना ने सभी मातृशक्ति का बड़ी संख्या में आने पर धन्यवाद दिया।
प्रदर्शन के बाद धारा 144 का संशोधित आदेश
गुंजल ने कहा कि प्रदर्शन समाप्ति के तुरंत बाद प्रशासन द्वारा पूर्व में जारी आदेश में संशोधन करना इस बात को साबित करता है कि मातृशक्ति की आवाज चंडी मार्च को रोकने के लिए ही धारीवाल ने शहर में धारा 144 लगवाई थी।

(Visited 276 times, 1 visits today)

Check Also

‘अभयदान की महिमा’ नाटिका का भव्य मंचन

भगवान महावीर जन्म कल्याणक के उपलक्ष्य में सम्यक् महिला मंडल द्वारा मंचन न्यूजवेव@कोटा  भगवान महावीर …

error: Content is protected !!