Friday, 26 April, 2024

समाजसेवी शिवकुमार गुप्ता के निधन से सुनेल में शोक की लहर

परिजनों ने करवाया नेत्रदान, कई संगठनों व संस्थाओं ने दी भावपूर्ण श्रद्धाजंली
न्यूजवेव@ सुनेल

विभिन्न धार्मिक, सामाजिक व स्वयंसेवी संस्थाओं से जुडे़ समाजसेवी शिवकुमार गुप्ता (68) का हृदय गति रूक जाने से गुरूवार को अचानक निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही सुनेल क्षेत्र में शोक की लहर छा गई। उनके अंतिम संस्कार में सैकडों नागरिकों ने भाग लिया।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने उनके सुपुत्र धीरज व नीलकंठ से दूरभाष पर कहा कि शिवकुमार गुप्ता उनके निर्वाचन क्षेत्र हर वर्ग के गरीब और जरूरतमंद लोगों की मदद करने में सदैव अग्रणी रहे। सादगीपूर्ण जीवनशैली, प्रखर वक्ता, कार्य के प्रति समर्पित और सुख-दुख में सहयोगी होने से उनका निधन पूरे क्षेत्र के लिये अपूरणीय क्षति है। सांसद दुष्यंत सिंह ने दिवंगत गुप्ता के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
स्व. गुप्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, गायत्री प्रज्ञा पीठ सुनेल के अध्यक्ष, आर्यसमाज, भारत विकास परिषद, विश्व हिन्दू परिषद, विद्या भारती, आदर्श विद्या मंदिर सहित कई स्वयंसेवी संस्थाओं में सक्रिय रहे। मेडतवाल वैश्य समाज सुनेल में पूर्व अध्यक्ष और मंदिर श्री फलौदी माताजी महाराज, खैराबाद में प्रबंधक के रूप में उन्होंने विशेष सेवायें दी। गायत्री प्रज्ञा पीठ के प्रकल्प में उन्होंने दक्षिण भारत के गांवों में वैदिक प्रचार प्रसार किया। वे भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष भी रहे।
जरूरतमंदों की सेवा में सदैव अग्रणी रहे
शाइन इंडिया फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. कुलवंत गौड एवं नेत्रदान प्रभारी कमलेश दलाल ने उनके नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी करवाई। उन्होंने कहा कि नेत्रदानी स्व.गुप्ता की आंखों से दो दृष्टिहीनों को नई रोशनी मिल सकेगी। मध्यप्रदेश के पूर्व राज्य सूचना आयुक्त आत्मदीप ने कहा कि स्व. गुप्ता आर्थिक संकटों का सामना करते हुये कभी किसी चुनौती से हार नहीं मानी। वे दीनहीन की सेवा में हमेशा आगे रहे। मेड़तवाल वैश्य समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेंद्र फोफलिया ने कहा कि दिवंगत गुप्ता संघर्षो और आर्थिक अभावों के बावजूद सेवाकार्यो में सदैव अग्रणी रहे।
सुनेल व्यापार संघ एवं बोहरा समाज सुनेल के प्रतिनिधियों ने कहा कि स्व. गुप्ता बहुत मिलनसार व कर्मठ व्यक्तित्व के धनी थे। पूर्व विधायक बालचंद आर्यवीर ने कहा कि सबसे मिलजुलकर रहने वाले स्व.गुप्ता की कमी हमेशा महसूस होगी। जन अभियोग निराकरण समिति के प्रदेश सदस्य राजेश गुप्ता करावन ने कहा कि वे युवाओं के प्रेरणास्त्रोत रहे।

(Visited 238 times, 1 visits today)

Check Also

आपका एक-एक वोट देश को मजबूत करेगा – अमित शाह

न्यूजवेव @कोटा कोटा-बूंदी सीट पर चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में शनिवार को भाजपा के …

error: Content is protected !!